ताजासमाचार

बेमौसम बरसात ने बिगाड़ी अफीम की फसल, पहली बोवनी पूरी तरह चौपट, किसानों ने शुरू की दोबारा बोवनी, अब एक माह देरी से आने की संभावना

न्यूज डेस्क 11 November, 2025 अन्य

मनासा। जिले में पिछले दिनों हुई लगातार और अत्यधिक बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।  किसानों द्वारा समय पर बोई गई अफीम की फसल खेतों में पानी भर गया, जिससे कारण किसी का तो बीज ही सड़ गया और किसी की खड़ी फसल सड़न के कारण खत्म हो गई। जिसके कारण अधिकांश किसानों की पहली बोवनी पूरी तरह चौपट हो गई है।
फसल के खराब होने से परेशान किसान अब मजबूरी में दोबारा अफीम की बोवनी करने पर उतर आए हैं, इसका अलावा उन्हें कोई विकल्प नही दिख रहा है,  किसानों का कहना है कि दोबारा बोवनी किए जाने से इस वर्ष अफीम की फसल लगभग एक माह देरी से तैयार होगी, जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ने की संभावना है।
किसान बताते हैं कि दोबारा बोवनी में दोहरा खर्च, बीज की अतिरिक्त व्यवस्था, साथ ही मजदूरी और समय की बर्बादी जैसे कई आर्थिक बोझ बढ़ गए हैं। इसके बावजूद किसानों की उम्मीदें जिंदा हैं कि यदि आगे मौसम अनुकूल रहा तो दूसरी बोवनी की फसल उन्हें नुकसान की भरपाई में मदद कर सकती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में किसान लगातार खेतों में दिन-रात मेहनत कर नई फसल को तैयार करने में जुटे हुए हैं, ताकि मौसम की मार के बीच उनकी सालभर की मेहनत फिर से रंग ला सके।
अफीम के अलावा भी अन्य कई फसलें जो बरसात के ठीक पहले बोई थी, उसमें भी इसी प्रकार की समस्या है, इस बरसात ने क्षेत्र में 2 महीने पहले बोए चने की फसल भी अनेको जगह पूरी तरह खत्म कर दी, बेमौसम बरसात ने किसानों की कमर तोड़ दी है।

Related Post