न्यूज डेस्क
16 October, 2025
नीमच। जिले के बघाना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बामनबर्डी के सरपंच विक्रम सिंह पर उद्योगपति के बेटे पर जानलेवा हमला करने, फैक्ट्री में तोड़फोड़ और लूटपाट का आरोप लगा है। विक्रम सिंह नयागांव चौकी के NDPS एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी भी बताया जा रहा है।
उद्योगपति अनिल नाहटा ने सरपंच विक्रम सिंह और उसके साथियों पर रंगदारी वसूली की नीयत से हमला करने का आरोप लगाते हुए बघाना थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, घटना बुधवार को तब हुई जब विक्रम सिंह अपने साथियों के साथ ‘ओसवाल इथेनॉल’ फैक्ट्री में जबरन घुस गया और तोड़फोड़ की।
उद्योगपति के बेटे पर हमला
घटना के दौरान आरोपियों ने अनिल नाहटा के बेटे पर भी हमला किया। हालांकि गनीमत रही कि वह किसी तरह जान बचाने में सफल रहा। फैक्ट्री के कर्मचारियों के अनुसार, आरोपियों ने शराब के नशे में धुत होकर परिसर में जमकर उत्पात मचाया और नगदी व एक सोने की चेन भी लूट ली।
रंगदारी का आरोप
अनिल नाहटा ने कहा कि विक्रम सिंह का उद्देश्य क्षेत्र में ‘हफ्ता वसूली’ का दबदबा कायम करना है, ताकि कोई भी उद्योग बिना दबाव के संचालित न हो सके। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बघाना पुलिस ने विक्रम सिंह सहित नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और रंगदारी जैसे संगीन अपराधों में प्रकरण दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।