डेस्क न्यूज़
15 October, 2025
अन्य
नई दिल्ली। मोबाइल फोन के बढ़ते दुरुपयोग और चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए एक बड़ी पहल की है। अब कोई भी नागरिक अपना गुम या चोरी हुआ मोबाइल फोन ऑनलाइन ब्लॉक करवा सकता है, ताकि उसका गलत इस्तेमाल रोका जा सके। इसके लिए दूरसंचार विभाग ने ‘संचार साथी’ (CEIR) पोर्टल और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल को सशक्त बनाया है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में हर साल लाखों मोबाइल फोन चोरी या गुम हो जाते हैं, जिनका कई बार साइबर अपराधों में भी इस्तेमाल होता है। इसी को देखते हुए अब लोग घर बैठे कुछ मिनटों में शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक करवा सकेंगे।
शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया--
नागरिकों को इसके लिए www.ceir.gov.in वेबसाइट पर जाकर “Block Lost/Stolen Mobile” विकल्प चुनना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर, IMEI नंबर और पुलिस शिकायत (FIR/DDR) की कॉपी अपलोड करनी होगी। शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल का IMEI नेटवर्क से ब्लॉक कर दिया जाएगा, जिससे उसका इस्तेमाल असंभव हो जाएगा।
वहीं, मोबाइल वापस मिलने की स्थिति में यूज़र “Unblock Found Mobile” विकल्प से इसे फिर से सक्रिय भी कर सकता है।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से भी शिकायत संभव
सरकार ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल भी उपलब्ध कराया है। यहां यूज़र मोबाइल चोरी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर से भी मिलेगी मदद
IMEI की जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिक अपने मोबाइल से “KYM <IMEI नंबर>” लिखकर 14422 पर SMS भेज सकते हैं या इसी नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पुलिस और सरकार की संयुक्त पहल
दूरसंचार विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था पुलिस और टेलीकॉम ऑपरेटरों के समन्वय से तैयार की गई है ताकि चोरी या गुम मोबाइल के गलत इस्तेमाल पर लगाम लगाई जा सके। विशेषज्ञों के मुताबिक यह कदम साइबर अपराधों में बड़ी कमी लाने में मददगार साबित हो सकता है।