डेस्क न्यूज़
14 October, 2025
अन्य
नीमच | प्रधानमंत्री आवास योजना और पट्टा वितरण में हो रही लापरवाही के खिलाफ नीमच की रहने वाली सुमित्रा खिंची ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। वर्षों से सरकारी सहायता का इंतज़ार कर रही महिला ने बर्तन और भगवान की तस्वीर रखकर धरना दिया और एक घंटे तक प्रशासन की आंखें खोलने की कोशिश की।
सुमित्रा खिंची ने जनसुनवाई में बताया कि वे वर्ष 2013 से प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन कर रही हैं, लेकिन अब तक न तो उन्हें मकान मिला, न पट्टा। वे वर्षों से किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं और किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला।
प्रदर्शन के दौरान महिला ने जमीन पर बर्तन और भगवान की तस्वीरें रखीं — यह संदेश देने के लिए कि उनके पास रहने के लिए घर नहीं, लेकिन आस्था और उम्मीद अब भी जिंदा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी बार-बार आवेदन लेने के बावजूद मौन हैं, जबकि पक्के मकानों वालों को भी आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और महिला को समझाइश दी। बाद में सुमित्रा खिंची ने जनसुनवाई में लिखित आवेदन सौंपा और कलेक्टर द्वारा जल्द जांच व कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया। सुमित्रा ने प्रशासन से आवास योजना और पट्टा वितरण प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक जरूरतमंदों को प्राथमिकता देने की मांग की है।