ताजासमाचार

दबंगई की इन्तेहा! शराब ठेकेदार के गुर्गों ने दुकानदार पर बरसाया कहर, दुकान और कार को किया तहस-नहस, सीसीटीवी फुटेज वायरल

डेस्क न्यूज़ 07 October, 2025

मंदसौर। गुर्जर बर्डिया गांव में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब शराब ठेकेदार महेन्द्र सिंह के लोगों ने दबंगई की हदें पार करते हुए एक स्थानीय दुकानदार पर हमला बोल दिया। दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई, दुकानदार अंकित चौधरी से मारपीट हुई और गाड़ियों तक को नहीं बख्शा गया। पूरे इलाके में इस घटना के बाद गुस्सा और दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महेन्द्र सिंह के गुर्गे अचानक अंकित चौधरी की दुकान पर पहुंचे। पहले बहसबाजी हुई और फिर देखते ही देखते उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मारपीट के बाद जब मामला गरमाया तो आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना से डरा-सहमा पीड़ित परिवार मंगलवार को न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। परिवार ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि घटना की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अभी तक दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

परिवार ने यह भी मांग की कि जिस कार को नुकसान पहुंचाया गया, उसकी भरपाई शराब ठेकेदार से करवाई जाए।

पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post