डेस्क न्यूज़
06 October, 2025
अन्य
नीमच | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर जावद खंड के दड़ौली मण्डल में रविवार को स्वयंसेवक द्वारा कदमताल करते हुए विशाल पथ संचलन निकाला गया। यह संचलन नगर के बीच स्थित माध्यमिक विधालय से सुबह 8 बजे शस्त्र पूजन व ध्वज प्रणाम के साथ प्रारंभ हुआ। संचलन में 100 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। संचलन से पहले कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला सामाजिक समरसता संयोजक अमित जी अरविंदेकर का बौद्धिक हुआ। जिसमे उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विगत 100 वर्षों से निरंतर शाखों के माध्यम से व्यक्ति निर्माण का कार्य करता चला आ रहा है। वर्तमान में दर्जनों की संख्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुसार एक संगठन राष्ट्र सेवा के कार्य में जुटे हुए हैं। संघ जैसा कोई विश्व में दूसरा संगठन नहीं है जो निस्वार्थ भाव से निरंतर 100 वर्षों तक सेवा क्षेत्र में कार्यरत हो। समाज व स्वयंसेवकों से अपने जीवन में पंच परिवर्तन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के परम वैभव के लिए पंच परिवर्तन के अंतर्गत हम सब अपने दैनिक जीवन में सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली एवं स्वदेशी को अपनाएं तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन करें।
पथ संचलन की शुरुआत माध्यमिक विद्यालय परिसर से हुई, जो गाँव के मुख्य मार्गो से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुआ। संचलन में संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित व प्रेरणादायी प्रदर्शन करते हुए सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। ग्राम में निकले पथ संचलन में स्वयंसेवकों का अनेक जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। इस दौरान जावद खण्ड के खण्ड संघ चालक घनश्याम शर्मा, जिला सह सेवा प्रमुख तथा दड़ौली मंडल पालक राकेश परमार मोरवन उपखंड कार्यवाह कोमल प्रसाद लक्षकार सहित अनेक वरिष्ठ संघ पदाधिकारी ओर सदस्य उपस्थित रहे। संचलन के दौरान डीकेन चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ यातायात ओर सुरक्षा व्यवस्था देखते रहे।