ताजासमाचार

नीमच नगर पालिका सम्मेलन में बधाई के बहाने व्यंग्य_WAR, भूखंड घोटाले के आरोपों से गरमाया माहौल; 24 प्रस्ताव पारित

डेस्क न्यूज़ 06 October, 2025 अन्य

नीमच | नगर पालिका परिषद नीमच के विशेष सम्मेलन में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया जब नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति मिठाई का डब्बा लेकर सभाकक्ष में पहुँचे और अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा को "बधाई" दी। यह बधाई प्रतीकात्मक थी — दरअसल, प्रजापति का आरोप था कि ‘ढिल्लन भूखंड’ प्रकरण में अध्यक्ष ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पारिवारिक हित साधे हैं, और इसलिए उन्होंने यह ‘बधाई’ व्यंग्य में दी।
योगेश प्रजापति ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष ने पारदर्शिता की अनदेखी कर भूखंड प्रकरण में नियमों को दरकिनार किया, जो सार्वजनिक पद की गरिमा और नगरहित के खिलाफ है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की, जिसके बाद सभाकक्ष में माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
इसी दौरान बैठक में सफाई कर्मचारियों का समूह अचानक सभाकक्ष में पहुँच गया, जिन्होंने वेतन, सुविधाओं और कार्य स्थितियों को लेकर जोरदार विरोध किया। नाराज़ कर्मचारियों ने नगर पालिका अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएँ रखीं और तत्काल समाधान की माँग की। कुछ समय के लिए बैठक की कार्यवाही ठप रही, और परिषद सदस्यों को स्थिति शांत करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
इन विवादों के बीच परिषद ने कुल 24 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया। ये प्रस्ताव शहर की सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, आवारा कुत्तों की नसबंदी, बंगला बगीचा क्षेत्र में नामांतरण और वैध-अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहे।

हालांकि बैठक में परिषद सदस्यों की लापरवाही भी सामने आई — कई पार्षद पूरे समय मोबाइल में व्यस्त रहे, तो कुछ बार-बार अंदर-बाहर आते रहे, जिससे कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न हुआ। इससे यह आभास हुआ कि कुछ सदस्यों के लिए नगर के विकास से अधिक व्यक्तिगत बातचीत प्राथमिकता में थी।
बैठक के अंत में अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति ने मीडिया से बातचीत में अपनी-अपनी बात रखी।

नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि - “नगर पालिका परिषद नीमच शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विपक्ष द्वारा लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन और राजनीति से प्रेरित हैं।”
 

इस मामले पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति ने कही कि- “ढिल्लन भूखंड प्रकरण में अध्यक्ष ने पारिवारिक हित साधे हैं, जो स्पष्ट रूप से पद का दुरुपयोग है। हम इसकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की माँग करते हैं।”
 

Related Post