ताजासमाचार

भादवामाता में महाअष्टमी का हवन, हजारों भक्तों ने लिया आशीर्वाद

डेस्क न्यूज़ 01 October, 2025 अन्य

नीमच। मालवा की वैष्णोदेवी कही जाने वाली सुप्रसिद्ध आरोग्य तीर्थस्थली भादवामाता में शारदीय नवरात्र महापर्व पर मंगलवार रात को महाअष्टमी हवन विधिवत पूजन-अर्चन के साथ सम्पन्न हुआ।नवरात्र के आठवें दिन हजारों श्रद्धालु नंगे पांव यात्रा कर माता के दरबार पहुंचे। रात 10:30 बजे पं. चतुर्भुज शास्त्री के निर्देशन में पं. पुरुषोत्तम शर्मा, पं. घनश्याम शास्त्री, पं. मनोज शर्मा, पं. देवीलाल शर्मा सहित अन्य ब्राह्मण विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन की शुरुआत करवाई। इस दौरान मुख्य यजमान ग्राम पटेल निरंजन नागदा व देवीलाल नागदा रहे।

जयकारों से गूंजा दरबार
भक्तों की भारी भीड़ माता के दरबार में देर रात तक उमड़ती रही। मां भादवा के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने माता की चौखट पर शीश नवाकर सुख-समृद्धि व आरोग्य का आशीर्वाद लिया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी हुए शामिल
महाअष्टमी हवन में जिले के कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल, एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार, नीमच व मनासा विधायक दिलीप परिहार ओर अनिरुद्ध मारु सहित सरपंच मिठूबाई, नवलकृष्ण सुरावत, प्रबंधक अजय ऐरन, मनीष दुबे, ग्राम सचिव और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ब्रह्ममुहूर्त में हुई पूर्णाहुति
रातभर चले इस हवन की पूर्णाहुति ब्रह्ममुहूर्त में हुई। तत्पश्चात महाआरती के साथ अनुष्ठान सम्पन्न हुआ। महाआरती में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और मां भादवा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। इसी के साथ शारदीय नवरात्र मेले का समापन भी हुआ।

Related Post