डेस्क न्यूज़
24 September, 2025
रतनगढ़ । नगर परिषद रतनगढ़ में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपने दो माह से लंबित वेतन और एरियर सहित अन्य मांगों को लेकर एक बार फिर काम बंद हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल ऐसे समय में शुरू हुई है जब नवरात्रि का पर्व चल रहा है और आगामी दिनों में दशहरा व दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते उनकी मांगे नहीं मानी गईं, तो इस बार भी वे त्यौहार वेतन के बिना मनाने को मजबूर होंगे, जैसे रक्षाबंधन पर हुआ था।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने 26 अगस्त 2025 को नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा था, जिसमें दो माह का बकाया वेतन एक साथ जारी करने की मांग की गई थी। साथ ही, सभी स्थाई, अस्थाई और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को देय महंगाई भत्ते (DA) का एरियर भी एक साथ देने की मांग की गई थी। लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई सुनवाई नहीं हुई है।
कर्मचारियों का कहना है कि जब वे शहर की सफाई व्यवस्था को त्योहारों में बेहतर बनाए रखने के लिए मेहनत करते हैं, तो प्रशासन का कर्तव्य बनता है कि उन्हें समय पर वेतन और भत्ते प्रदान किए जाएं। लेकिन रक्षाबंधन से लेकर नवरात्रि तक इंतजार करने के बाद अब वे फिर से काम बंद कर नगर परिषद कार्यालय परिसर में शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक सफाई कार्य पूरी तरह से बंद रहेगा।
शहर की सफाई व्यवस्था पर इसका सीधा असर पड़ना शुरू हो गया है। मुख्य बाजारों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा एकत्र होने लगा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। त्योहारों के मौसम में स्वच्छता व्यवस्था ठप होने से आमजन में भी चिंता का माहौल है, लेकिन नगर परिषद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब देखना यह है कि नगर परिषद प्रशासन कब तक इन कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर ध्यान देता है और क्या इस बार रतनगढ़ के सफाईकर्मी दशहरा और दीपावली का पर्व ससम्मान मना पाएंगे या एक बार फिर त्यौहार उनके लिए खाली हाथ और निराशा भरे रहेंगे।