डेस्क न्यूज
19 September, 2025
नीमच। जिला चिकित्सालय परिसर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, रामपुरा निवासी राजू इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती होने आया था। तबीयत खराब होने के कारण वह अस्पताल परिसर में ही बाहर लेटा हुआ था।
इसी दौरान जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील का वाहन वहां से गुजरा और राजू पर चढ़ गया। चालक को ज़मीन पर लेटा राजू दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ और राजू की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन को डॉ. पाटील का ड्राइवर चला रहा था।
मृतक की पहचान उसके परिचय पत्र के आधार पर की गई। पुलिस ने बताया कि परिजनों को रामपुरा सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच रहे हैं। थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और विधिवत कार्रवाई की जाएगी।