डेस्क न्यूज़
19 September, 2025
नीमच। रेवली देवली गांव के एक सरकारी स्कूल में दो छात्रों के बीच हुए मामूली विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। विवाद के दौरान एक छात्र ने दूसरे छात्र के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई भी की थी, लेकिन ग्रामीण अब आरोपी छात्र को स्कूल से निकालने की मांग पर अड़े हुए हैं। सुबह से ही गांव में भारी हंगामा जैसे ही ये खबर फैली, ग्रामीण स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए। स्कूल के गेट के सामने चक्का जाम कर दिया गया, जिससे मुख्य सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। राहगीर और स्कूली बच्चे दोनों परेशान हैं।
प्रशासन मौके पर सक्रिय
डॉयल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच चुकी है। हालात को काबू में करने के लिए तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचीं हैं। ग्रामीणों को शांत कराने और यातायात बहाल करने की कोशिशें जारी हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि जब तक आरोपी छात्र को स्कूल से नहीं निकाला जाएगा, तब तक प्रदर्शन खत्म नहीं होगा।