ताजासमाचार

श्री सांवरिया मित्र मंडल चल्दु की भव्य पदयात्रा रवाना, क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना

डेस्क न्यूज़ 13 September, 2025 अन्य

नीमच | क्षेत्र की खुशहाली, अच्छी वर्षा, सुख-शांति और समृद्धि की कामना को लेकर श्री सांवरिया मित्र मंडल चल्दु के तत्वावधान में इस वर्ष भी विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। शनिवार को ग्राम चल्दु स्थित श्री चिंताहरण बालाजी मंदिर से ढोल-ढमाकों, बैंड-बाजों और डीजे की भक्तिमय धुनों के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा 90 किलोमीटर की दूरी तय कर मंडफिया स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचेगी। पदयात्रा में करीब 1000 से अधिक महिला-पुरुष, युवा और बच्चे श्रद्धाभाव से शामिल हुए। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा नीमच शहर से भी होकर गुजरी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया।सांवरिया मित्र मंडल के सक्रिय सदस्य और सरपंच संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह शक्तावत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा क्षेत्र में सुख, शांति और अच्छी वर्षा की प्रार्थना के उद्देश्य से निकाली जाती है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का ही प्रतीक नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिक सहभागिता और भाईचारे को भी प्रोत्साहित करता है। पदयात्रा का पहला पड़ाव निंबाहेड़ा की गौशाला में रखा गया है, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। रविवार को यात्रा अपने गंतव्य, मंडफिया सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु मंदिर में ध्वजा चढ़ाएंगे, बाल भोग अर्पित करेंगे तथा महाआरती के साथ प्रसाद वितरण होगा। गौरतलब है कि यह पदयात्रा इस वर्ष अपने चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करती है, बल्कि समाज में श्रद्धा, सद्भाव और सहयोग की भावना को भी गहराई से स्थापित करती है।

Related Post