ताजासमाचार

जलझूलनी एकादशी पर धार्मिक कार्यक्रम में अश्लील नृत्य, विरोध पर मारपीट – सेन समाज मे आक्रोश | राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम सोपा ज्ञापन 

डेस्क न्यूज़ 11 September, 2025 सामाजिक

नीमच | मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में आयोजित जलझूलनी एकादशी के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य और समाजजन से मारपीट की घटना को लेकर नीमच जिला सेन समाज संगठन ने सख्त नाराजगी जताई है। बुधवार को बड़ी संख्या में समाजजन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में 3 सितंबर को भादसौड़ा चौराहे पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान घटित घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि प्रारंभ में धार्मिक और भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई, लेकिन देर रात आर्केस्ट्रा कलाकारों द्वारा फिल्मी गीतों पर अशोभनीय और अश्लील नृत्य कर कार्यक्रम की मर्यादा को ठेस पहुंचाई गई।
जब विश्व हिंदू परिषद चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष प्यारचंद सेन ने इसका विरोध करते हुए धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखने की अपील की, तो आयोजकों और कलाकारों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला कलाकारों पर अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया गया है।
सेन समाज ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में आयोजनकर्ता अशोक कुमार अग्रवाल, बाबूलाल ओझा, आर्केस्ट्रा संचालक सुरजीत चौधरी और कलाकार अलबेला कोटा, आशा प्रजापत, प्रिया गुप्ता, सोना बाबू, आलिया सीकर, रेखा सिंह और विष्णु बराड़ा के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान सेन समाज के अध्यक्ष दीपक गहलोत, युवा अध्यक्ष सोनू सेन, सुखलाल सेन, मनीष सेन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

Related Post