ताजासमाचार

पुजारियों की फसल नष्ट, मुआवजा दिलाने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

न्यूज डेस्क 10 September, 2025 सामाजिक

नीमच। अखिल भारतीय संत समिति धर्म समाज पुजारी इकाई जिला नीमच ने अतिवृष्टि और पीला मोजेक रोग से पुजारियों की फसलें नष्ट होने पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि जिले के सभी शासन संधारित मंदिरों के पुजारियों के पास कृषि भूमि है, जिस पर वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए खरीफ की फसलें जैसे सोयाबीन, उड़द एवं अन्य फसल बोते हैं। लेकिन हाल ही में आई अतिवृष्टि और फसलों पर फैले पीला मोजेक रोग के चलते अधिकांश फसलें बर्बाद हो गई हैं। पुजारियों का कहना है कि मंदिर की कृषि भूमि का प्रबंधक कलेक्टर होने से उन्हें अन्य किसानों की तरह शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता।इसके कारण न तो उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण मिलता है और न ही फसल बीमा का लाभ प्राप्त हो पाता है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा से हुई हानि की भरपाई उनके लिए असंभव हो जाती है।चूंकि पुजारियों की आय का प्रमुख साधन यही खेती है, इसलिए नुकसान से उनके परिवार का जीवन संकट में आ गया है।पुजारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिले के सभी मंदिर पुजारियों को भी अन्य किसानों की तरह फसल क्षतिपूर्ति हेतु मुआवजा राशि प्रदान की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में महन्त सालगरामदास, बलरामदास बैरागी, गोपालदास बैरागी और मुकेशदास बैरागी सहित बड़ी संख्या में पुजारी शामिल रहे।

Related Post