डेस्क न्यूज़
07 September, 2025
उज्जैन | उज्जैन मे शनिवार रात करीब 9:30 बजे एक बड़ा हादसा हुआ जब शिप्रा नदी के बड़े पुल से एक कार नदी में गिर गई। कार में उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा, एसआई मदनलाल निनामा और महिला आरक्षक आरती पाल सवार थे। तीनों पुलिसकर्मी एक लापता महिला की तलाश में चिंतामण क्षेत्र जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार शिप्रा नदी का पुल पार कर रही थी, वह अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लेकिन शिप्रा नदी का तेज बहाव, बढ़ा हुआ जलस्तर और मटमैला पानी तलाशी में बड़ी बाधा बना। लगातार 11 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह मंगलनाथ क्षेत्र के पास एक शव मिला, जो उन्हेल TI अशोक शर्मा का निकला।
वहीं, एसआई मदनलाल निनामा और महिला आरक्षक आरती पाल अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मी एक ड्यूटी पर निकले थे, जब ये दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। फिलहाल रेस्क्यू अभियान लगातार चल रहा है। इस हादसे से पुलिस विभाग और इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।