डेस्क न्यूज़
06 September, 2025
जावद। जिला नीमच की तहसील जावद के ग्राम बरखेड़ा कमलिया में गणपति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ 10 से 12 वर्ष का बालक तालाब में डूब गया, जिसकी तलाश के बाद शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की जानकारी एसडीएम जावद प्रीती संघवी ने दी। उन्होंने बताया कि गणपति विसर्जन के लिए प्रशासन ने एक नियत स्थान निर्धारित किया था, लेकिन गाँव का एक जत्था अपनी इच्छानुसार अन्य तालाब पर विसर्जन करने पहुँच गया। इसी दौरान ईश्वर पिता घीसालाल मालवीय नामक मासूम पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही प्रभारी अधिकारी पुष्पा पवार, प्लाटून कमांडर, हमराह, होमगार्ड एवं एसडीआरएफ जवानों की टीम नाव और रेस्क्यू सामग्री के साथ विशेष रेस्क्यू वाहन टाटा योद्धा एवं योद्धा 407 लेकर मौके पर पहुँची और रेस्क्यू प्रारम्भ किया गया। बताया गया की जावद मुख्यालय से घटना स्थल की दूरी लगभग 20 से 25 किमी है। रेस्क्यू दल ने तत्काल तालाब में तलाशी अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद बालक का शव बाहर निकाला। प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद गाँव में शोक की लहर है। गणपति विसर्जन का उत्साह मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।