ताजासमाचार

वर्ग विशेष के दबाव में पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज,सर्व हिन्दू समाज ने एसपी के नाम  सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 06 September, 2025

नीमच। सर्व हिन्दू समाज ने जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर शहर में 5 सितंबर को निकले जुलूस के दौरान घटित घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है।ज्ञापन में बताया गया कि त्योहार के अवसर पर निकले जुलूस में कुछ युवाओं और बच्चों द्वारा ऐसे नारे लगाए गए, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका बनी रही।सर्व हिन्दू समाज ने आरोप लगाया कि जिन मार्गों पर पूर्व में प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी, उन रास्तों से भी जुलूस निकाला गया। ज्ञापन में उल्लेख है कि बगीचा नंबर 13 स्थित बालाजी मंदिर क्षेत्र में कुछ बच्चों द्वारा नारेबाजी और अशोभनीय व्यवहार किया गया। स्थानीय निवासियों ने बच्चों को समझाने का प्रयास किया तो विवाद की स्थिति बन गई। बाद में मंदिर क्षेत्र में पुनः आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग और धमकी देने की घटनाएं हुईं, जिसकी शिकायत रहवासियों ने पुलिस को की।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मंदिर के समीप स्थित एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां देखी जाती रही हैं, जिसके कारण क्षेत्र में कई बार तनाव की स्थिति बनी है। समाज का कहना है कि इस पूरे मामले में गौतम बैरागी नामक स्थानीय निवासी को अनुचित रूप से निशाना बनाया गया है और उन पर झूठी शिकायत दर्ज कराई गई है। जबकि वे केवल घटनास्थल पर मौजूद रहकर वीडियो बना रहे थे।इसके अलावा यह भी उल्लेख किया गया कि बघाना क्षेत्र में भी जुलूस के दौरान कुछ नारों से वातावरण बिगड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस अधिकारियों की तत्परता से स्थिति संभाल ली गई।सर्व हिन्दू समाज ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसे आयोजनों में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाए।

Related Post