ताजासमाचार

अनंत चतुर्दशी पर्व पर गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारी, एसपी ने किया विसर्जन स्थल का निरीक्षण

न्यूज डेस्क 04 September, 2025 सामाजिक

नीमच। अनंत चतुर्दशी पर्व पर होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिह सिसोदिया ने चल्दु स्थित रेतम नदी सहित जिले के अन्य प्रमुख विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी जायसवाल ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, साथ ही गोताखोरों एवं बचाव दल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।उन्होंने स्थानीय प्रशासन और नगर निकाय के अधिकारियों को स्वच्छता एवं रोशनी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं, जुलूस मार्गों पर बैरिकेडिंग सुविधा भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।गणेश प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होते हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन का यह निरीक्षण आगामी पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Post