ताजासमाचार

व्हाट्सऐप पर आ रही APK फाइलों से रहें सावधान, नीमच पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा एडवाइजरी

डेस्क न्यूज 04 September, 2025

नीमच। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए नीमच पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में जिले में साइबर सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने आमजन को आगाह करते हुए एडवाइजरी जारी की है कि वे किसी भी संदिग्ध APK फाइल को डाउनलोड न करें, अन्यथा उनकी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी हैक हो सकती है।

हाल ही में देशभर में साइबर अपराधियों ने YONO ऐप अपडेट, RTO चालान या KYC अपडेट जैसे नामों से नकली APK फाइलें भेजकर कई लोगों को निशाना बनाया है। WhatsApp, SMS या ईमेल पर आने वाली ऐसी फाइलें इंस्टॉल करते ही मोबाइल में खतरनाक मैलवेयर घुस जाता है, जो OTP, बैंक डिटेल्स, पासवर्ड और कॉन्टैक्ट्स चोरी कर लेता है। इसके बाद खातों से रकम गायब होने का खतरा बढ़ जाता है।

पुलिस ने बताया कि अब अपराधी व्हाट्सऐप ग्रुप्स को भी निशाना बना रहे हैं। यदि किसी एक सदस्य ने फर्जी फाइल डाउनलोड कर ली तो पूरा ग्रुप खतरे में पड़ सकता है, क्योंकि अपराधी उसके अकाउंट का दुरुपयोग कर बाकी सदस्यों तक फर्जी लिंक और मैसेज पहुंचाते हैं।

नीमच पुलिस की अपील

अपनी सुरक्षा के लिए इन सावधानियों का पालन करें—

1. अनजान या संदिग्ध APK फाइल/लिंक कभी डाउनलोड न करें।

2. ऐप केवल Google Play Store या आधिकारिक वेबसाइट से ही इंस्टॉल करें।

3. मोबाइल में “Install from Unknown Sources” विकल्प बंद रखें।

4. व्हाट्सऐप की Media Auto Download सेटिंग बंद करें।

5. किसी भी संदेश/लिंक को आगे बढ़ाने से पहले सत्यता जांचें।

6. OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक जानकारी किसी से साझा न करें।

7. बैंक, ट्रैफिक पुलिस या सरकारी विभाग के नाम से आए संदेशों की पुष्टि केवल आधिकारिक वेबसाइट/हेल्पलाइन से करें।

सहायता व रिपोर्टिंग

यदि आप या आपका कोई परिचित साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत—

राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।

NCRP पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।

नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल से संपर्क करें।

 

नीमच पुलिस का संदेश साफ है—
“आपकी सजगता ही आपकी सुरक्षा है।”

Related Post