डेस्क न्यूज़
30 August, 2025
नीमच। मध्यप्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। नीमच जिले की सरवानिया पुलिस ने आज एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए 45 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद कर लिया है। यह बरामदगी एक ट्रैक्टर ट्रॉली से की गई, जिसे बड़ी ही चालाकी से प्लास्टिक तिरपाल के नीचे छुपाया गया था। सूत्रों के अनुसार, जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी सरवानिया महाराज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध ट्रैक्टर अवैध मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर एमपी 44 एए 8803 नंबर के लाल रंग के मैसी ट्रैक्टर को रोका। तलाशी लेने पर ट्रॉली में छिपाए गए 3 काले प्लास्टिक के कट्टों से भारी मात्रा में डोडाचूरा (45 किलो) बरामद हुआ। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मांगीलाल पिता रामनारायण, उम्र 62 वर्ष, निवासी धामनिया थाना जावद को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह जानने में जुटी है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और किनके लिए इसकी डिलीवरी होनी थी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया तथा एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में और थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई। प्रदेश में चल रहे "नशा मुक्ति अभियान" के अंतर्गत यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं।