ताजासमाचार

नीमच जिले के किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन,अतिवृष्टि व पीला मोजेक से खराब हुई फसलों के मुआवजे व बीमा राशि की मांग

डेस्क न्यूज़ 28 August, 2025 सामाजिक

नीमच। जिले के किसानों ने अतिवृष्टि और पिला मोजक वायरस से हुई फसल खराबी को लेकर मुख्यमंत्री के नाम गुरुवार को कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम मालीया तहसील जीरन एवं ग्राम जवासा तहसील नीमच के किसानों ने उल्लेख किया कि उनकी कृषि भूमि पर बोई गई सोयाबीन की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।किसानों ने बताया कि ग्राम मालीया पटवारी हल्का नंबर 17 एवं ग्राम जवासा पटवारी हल्का नंबर 34 में बीते दिनों हुई लगातार बारिश और रोगग्रस्त पिला मोजक वायरस की वजह से खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। किसानों का कहना है कि उनकी आजीविका का मुख्य साधन कृषि ही है और फसल खराब होने से परिवार के भरण-पोषण पर संकट खड़ा हो गया है।ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित पटवारी को निर्देशित कर मौके पर सर्वे कराया जाए और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को शासन की ओर से फसल नुकसान का उचित मुआवजा एवं फसल बीमा राशि उपलब्ध करवाई जाए। किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा और वायरसजनित बीमारी से नष्ट हुई फसल का आर्थिक बोझ वे स्वयं नहीं उठा सकते, इसलिए सरकार को उनकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत राहत प्रदान करनी चाहिए।ज्ञापन सौंपते समय दोनों ग्रामों के कई ग्रामीण मौजूद रहे। किसानों ने आशा व्यक्त की है कि सरकार शीघ्र ही मुआवजा एवं बीमा राशि स्वीकृत कर आर्थिक संकट से उबारने में मदद करेगी।

Related Post