न्यूज डेस्क
26 August, 2025
सामाजिक
नीमच। अखिल भारतीय मालवीय बलाई समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समाजसेवी एवं दलित नेता, अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि मनोज परमार, जो कि हिंदूवादी विचारधारा के प्रखर समाजसेवी हैं, पिछले कुछ समय से असामाजिक एवं जिहादी मानसिकता रखने वाले संगठनों द्वारा टेलीफोन कॉल्स और सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकियाँ मिल रही हैं। दिनांक 11 अगस्त को शाजापुर जिले के ग्राम पनवाड़ी में आयोजित समरसता बौद्धिक समारोह में दिए गए उनके भाषण को कुछ कट्टरपंथी तत्वों ने तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया, जिसके बाद उन्हें “सिर तन से जुदा” जैसी गंभीर धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि परमार दलित अत्याचार, लव जिहाद सहित अन्य सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण असामाजिक तत्व उनके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। स्थिति को देखते हुए उनकी जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।बलाई समाज ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मनोज परमार को तत्काल प्रभाव से पुलिस सुरक्षा, गनमैन सहित उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि एक समाजसेवी एवं दलित नेता का जीवन सुरक्षित रहना पूरे समाज के लिए जरूरी है।