ताजासमाचार

बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव पर उपनगर बघाना में निकली शोभायात्रा

न्यूज डेस्क 25 August, 2025 सामाजिक

नीमच। रेगर समाज समिति बघाना द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भादो बीज के अवसर पर राजस्थान के लोकदेवता बाबा रामदेव जी का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजजन तथा नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।समिति सदस्य प्रो. रमेश आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि रेगर समाज समिति बघाना द्वारा पिछले लगभग 40 वर्षों से बाबा रामदेव जी का जन्मोत्सव परंपरानुसार मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी कार्यक्रम दो दिवसीय रहा। रविवार की रात मंदिर प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों एवं भजन मंडलियों ने बाबा के भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया और बाबा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा
सोमवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन सुबह मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नई रेगर कॉलोनी, अहीर मोहल्ला, फतेह चौक, होली चौक एवं मूलचंद चौधरी हाईस्कूल मार्ग से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में बाबा की सवारी आकर्षण का मुख्य केन्द्र रही। समाज के वरिष्ठ ध्वजा के साथ शामिल हुए वहीं ढोल, नगाड़े और बैंड-बाजों व डीजे की धुन पर श्रद्धालु नृत्य करते नजर आए। इस अवसर पर जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा भी की गई।कार्यक्रम का समापन मंदिर परिसर में महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ। समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि बाबा रामदेव जी के आदर्श एवं उनका संदेश सामाजिक सद्भाव और समरसता को बढ़ावा देता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।बाबा रामदेव जी जन्मोत्सव पर आयोजित इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। भक्ति, उत्साह और सामूहिक भागीदारी से उपनगर बघाना का वातावरण पूरी तरह रामदेवमय हो गया।

Related Post