ताजासमाचार

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मनाया काला दिवस, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सोपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 21 August, 2025 प्रशासनिक

नीमच। फेस कैपचरिंग, पोषण ट्रैकर और संपर्क एप सहित विभिन्न डिजिटल प्रणालियों के विरोध में गुरुवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने काला दिवस मनाया। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका एकता यूनियन ने नीमच जिले में काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।कलेक्टर कार्यालय पहुंचे यूनियन पदाधिकारियों ने डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि फेस कैपचरिंग,पोषण ट्रैकर व संपर्क एप के कारण हितग्राहियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री को भेजे गए पांच सूत्रीय ज्ञापन में फेस कैपचरिंग की अनिवार्यता को तत्काल रद्द करने, आंगनबाड़ी केंद्रों को कंप्यूटर-लैपटॉप-टैबलेट उपलब्ध कराने, 5जी कनेक्टिविटी वाले मोबाइल फोन व निशुल्क वाई-फाई की सुविधा देने की मांग की गई। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार बिना आधार या फेस कैप्चरिंग की शर्त के सभी हितग्राहियों को पोषण आहार देने और पोषण ट्रैकर एप से जुड़े मुद्दों पर आंगनबाड़ी फेडरेशन के साथ त्रिपक्षीय बैठक आयोजित करने की मांग रखी गई।मुख्यमंत्री को दिए गए 20 सूत्रीय ज्ञापन में ओटीपी कलेक्ट करने में आ रही तकनीकी परेशानियों, हितग्राही की अनुपलब्धता,तीन से छह वर्ष के बच्चों के प्रवेश में आ रही समस्याओं, मिनी आंगनबाड़ी को पूर्ण मानदेय देने और एप के सुचारू संचालन न होने पर वेतन कटौती व बर्खास्तगी पर रोक लगाने जैसी मांगें रखी गईं।इस अवसर पर यूनियन की वीणा पथरोड़ ने ज्ञापन का वाचन किया। कार्यक्रम में राधा शर्मा, सुनीता जाटव, राजकुवर पाटीदार, नीतू मौर्य, अनीता मौर्या, राजकुमारी शर्मा, विनीता शर्मा, सूरज देवी, उषा पांडे, जयमाला, कुसुम अंब, रेखा रावत, पुष्पा सैनी, विद्या और भारती जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post