ताजासमाचार

सोयाबीन फसल संकट: विधायक मारू ने मुख्यमंत्री से मांगी किसानों के लिए सहायता

डेस्क न्यूज़ 21 August, 2025 राजनीति

नीमच। मनासा विधानसभा क्षेत्र के किसानों की पीड़ा को लेकर विधायक अनिरुद्ध माधव मारू लगातार सक्रिय हैं। क्षेत्र के जालिनेर, बामणी, अरनियामाली, अचलपुरा, ढाकनी, खेतपालिया सहित कई गांवों के किसानों ने विधायक को सोयाबीन की फसल में पिला मोजैक रोग से हुए भारी नुकसान की शिकायतें सौंपी थीं।

विधायक मारू ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कलेक्टर को प्रभावित क्षेत्रों का त्वरित सर्वे कराने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की।

इसी कड़ी में आज 21 अगस्त को विधायक मारू ने भोपाल में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें संपूर्ण नीमच जिले में सोयाबीन फसल को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी और किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्वस्त किया कि भाजपा सरकार सदैव किसान हितैषी रही है और आगे भी किसानों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की हर समस्या का संवेदनशीलता से समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक मारू ने विधानसभा क्षेत्र के जारी विकास कार्यों और अन्य नए विकास कार्यों को भी गति प्रदान करने का आग्रह किया।

Related Post