डेस्क न्यूज़
14 August, 2025
प्रशासनिक
नीमच। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर आन बान शान के साथ पारंपरिक ध्वजारोहण शहर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 में किया जाएगा। ध्वजारोहण और भव्य परेड की सलामी नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा लेंगें। इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई है। उक्त कार्यक्रम में सुबह 09 बजे ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं मे प्रातः 8 बजें ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य समारोह में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर आयोजित भव्य परेड की सलामी लेगें। इस मौके पर प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया जावेगा। जिसका भोपाल से सीधा प्रसारण जिला स्तरीय समारोह में किया जावेगा। परेड में सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल के जवानों, वन विभाग, शौर्या दल एनसीसी, स्काउट गाईड दल, रेडक्रास दल एवं सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस नीमच के बैण्ड की टुकडी भी शामिल होगी।
स्वतंत्रता दिवस पर सामुहिक पीटी प्रदर्शन एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व्दारा रंगारंग देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जावेगी। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, खिलाडियों प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया जावेगा।