न्यूज डेस्क
07 August, 2025
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार सुबह 10:07 बजे अचानक आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 3.9 मापी गई, जिसका केंद्र ज़मीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। प्रतापगढ़ शहर और आसपास के गांवों में झटके इतने तीव्र थे कि लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
कई ग्रामीणों ने बताया कि झटकों के साथ तेज़ धमाके जैसी आवाज़ भी सुनाई दी, जिससे भय का माहौल और गहरा गया। पुराने और कच्चे मकानों वाले इलाकों में लोग डर के चलते खुले मैदानों की ओर भागते देखे गए।
इसी दौरान मल्हारगढ़ के पास अमरपुरा में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की जानकारी मिली है। इसके अलावा, सुबह 10:10 बजे पिपलियामंडी के आसपास के गांवों में भी हल्के झटके महसूस किए गए।
हालांकि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। जिला प्रशासन सतर्क है और उपखंड स्तर तक अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है। जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा झटके महसूस हों तो लोग खुले स्थानों पर रहें और इमारतों या बिजली के खंभों से दूर रहें।
भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार, 3.9 तीव्रता के झटके सामान्यतः हल्के होते हैं, लेकिन अगर इनका केंद्र आबादी वाले क्षेत्र के नजदीक हो तो खतरा बना रहता है। यह प्रतापगढ़ में हाल के दिनों में दूसरी बार भूकंपीय गतिविधि है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं और नागरिकों से अपील की गई है कि वे सरकारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन से संपर्क करें।