ताजासमाचार

राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में नीमच का शानदार प्रदर्शन, 10 पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान

द वाॅचमेन पोस्ट 19 July, 2026 अन्य

नीमच। इंदौर में आयोजित 54वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सब जूनियर तैराकी चैंपियनशिप में नीमच जिला तैराकी संघ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 रजत (सिल्वर) और 4 कांस्य (ब्रॉन्ज) सहित कुल 10 पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है।

मध्यप्रदेश तैराकी संघ के तत्वावधान में 16 से 18 जुलाई तक इंदौर के लक्ष्मण सिंह स्विमिंग पूल में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में नीमच के तैराकों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन ही खिलाड़ियों ने चार सिल्वर मेडल जीतकर दमदार शुरुआत की। विकास जाटव ने बॉयज ग्रुप-2 में 400 मीटर फ्री स्टाइल और 200 मीटर बटरफ्लाई में दो रजत पदक हासिल किए। वहीं रुद्रांशी गेहलोत ने गर्ल्स ग्रुप-2 की 400 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। नमन गेहलोत ने बॉयज ग्रुप-4 की 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धा में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। रुद्रांशी गेहलोत ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में सिल्वर मेडल जीता। वहीं विकास जाटव ने 200 मीटर फ्री स्टाइल और नमन गेहलोत ने 200 मीटर फ्री स्टाइल में कांस्य पदक अपने नाम किया। अंतिम दिन अवनी शर्मा ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं रुद्रांशी गेहलोत ने 100 मीटर फ्री स्टाइल में सिल्वर और नमन गेहलोत ने 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर नीमच की कुल पदक संख्या 10 तक पहुंचा दी।

खिलाड़ियों को मिला बेहतर मंच

जिला तैराकी संघ की जॉइंट सेक्रेटरी श्रृष्टि मोदी ने सभी खिलाड़ियों का पंजीयन और यूआईडी प्रक्रिया पूरी कराते हुए 62 इवेंट्स में उनकी भागीदारी सुनिश्चित कराई। वहीं कोच राघवेंद्र सोनी ने प्रतियोगिता में टीम मैनेजर एवं ऑफिशियल की जिम्मेदारी निभाई।

खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

प्रतियोगिता के दौरान जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी, कोच आयुष गौड़, दीपेंद्र भटनागर, सुनील धरवाल और संजय गेहलोत लगातार खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहे और उनका मार्गदर्शन करते रहे। जिला तैराकी संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे नीमच जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
 

Related Post