ताजासमाचार

रतनगढ़ पुलिस का तस्करों पर शिकंजा, 120 किलो डोडाचूरा के साथ आरोपी गिरफ्तार

द वाॅचमेन पोस्ट 19 July, 2026 अपराध

नीमच। मध्यप्रदेश में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत नीमच पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी जावद हर्ष राठौड़ के मार्गदर्शन में थाना रतनगढ़ प्रभारी मुरालाल भाभर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 

18 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी डीकेन द्वारा थाना रतनगढ़ क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मारुति सुजुकी एस-प्रेसो (क्रमांक MP/RJ26 BU 3567) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में रखे 7 प्लास्टिक कट्टों से 120 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने देवेंद्र सिंह पिता लाखन सिंह सोलंकी (22) निवासी ग्राम रिछाचांदा, थाना रिंगनोद, जिला रतलाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत 3 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना रतनगढ़ एवं पुलिस चौकी डीकेन की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post