न्यूज डेस्क
05 August, 2025
नीमच। मनासा तहसील के ग्राम पड़दा में शासकीय चरागाह भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्राम पड़दा, मातारुंडी एवं गंगाबावड़ी के ग्रामीणों ने इस संबंध में नीमच कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गंगाबावड़ी मार्ग पर स्थित सर्वे नंबर 86 की शासकीय भूमि जो चरागाह के रूप में वर्षों से प्रयुक्त होती आ रही है, उस पर गांव के ही कचरूलाल पिता कन्हैयालाल खटीक द्वारा अवैध रूप से कब्जा करते हुए तार फेंसिंग कर दी गई है। इससे ग्रामीणों के पालतू पशुओं के लिए चराई की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने पत्र में बताया कि संबंधित व्यक्ति पूर्व में भी वर्ष 2021 में इसी भूमि पर अवैध कब्जा कर चुका है जिसे प्रशासन ने हटाकर चेतावनी दी थी। बावजूद इसके, उसने दोबारा उसी भूमि पर कब्जा कर लिया है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति झगड़ालू प्रवृत्ति का है, जिससे ग्रामीण सीधे बातचीत करने में असमर्थ हैं।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस बारे में उन्होंने तहसीलदार मनासा को भी पूर्व में आवेदन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे उक्त व्यक्ति के हौसले और भी बढ़ गए हैं और आशंका जताई जा रही है कि वह शेष बची भूमि पर भी कब्जा कर सकता है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि शासकीय चरागाह भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए तथा दोषी व्यक्ति पर वैधानिक एवं दण्डात्मक कार्रवाई की जाए।ग्रामीणों ने चेताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जन आक्रोश भी उत्पन्न हो सकता है।