ताजासमाचार

जिला अस्पताल में दिल्ली की टीम का औचक निरीक्षण - तीन दिन तक जिला अस्पताल को परखेगी एनक्यूएएस की नेशनल टीम

डेस्क न्यूज़ 04 August, 2025 प्रशासनिक

नीमच। नीमच जिला अस्पताल में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) टीम द्वारा सोमवार से मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया गया है। दिल्ली से आई तीन सदस्यीय टीम अस्पताल के 16 विभिन्न विभागों का तीन दिवसीय गहन निरीक्षण कर रही है। यह टीम 4 अगस्त से 6 अगस्त तक जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, प्रबंधन और इंफ्रास्ट्रक्चर के विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन कर अंक देगी।टीम में डॉ. तेज कुमार माथुर, डॉ. स्वाति वर्णेकर और डॉ. मोनिका राणा शामिल हैं। ये सभी रविवार देर रात नीमच पहुंचे थे और सोमवार सुबह 10 बजे से उन्होंने अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों व स्टाफ के साथ बैठक कर निरीक्षण की रूपरेखा तय की। बैठक में अस्पताल प्रबंधन द्वारा अपने प्रोजेक्ट व व्यवस्थाओं की प्रस्तुति दी गई।मूल्यांकन के दौरान टीम द्वारा क्लिनिकल सेवाएं, अस्पताल की आधारभूत सुविधाएं, स्टाफ की उपलब्धता, पेशेंट वेटिंग एरिया, वेंटिलेशन,प्रति बेड डॉक्टर और नर्स की संख्या, ऑपरेशन थिएटर में तीन अलग-अलग ज़ोन की व्यवस्था,एयर फिल्टर, तापमान नियंत्रण, संक्रमण नियंत्रण उपाय, ऑपरेशन प्रोटोकॉल, मरीज को उपचार में लगने वाला समय जैसे बिंदुओं पर गहनता से निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के पहले ही दिन टीम को कई खामियां भी मिलीं। वार्ड में पलंग के नीचे गंदगी देखकर टीम ने नाराजगी जताई। साथ ही शौचालयों में साफ-सफाई की कमी और डस्टबिन में ढक्कन नहीं होने पर स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए। टीम द्वारा अन्य विभागों जैसे ओपीडी, लेबर रूम, ओटी,फार्मेसी, स्टोर, रजिस्ट्रेशन काउंटर और एक्स-रे यूनिट का भी निरीक्षण किया गया।तीन दिवसीय निरीक्षण के बाद टीम द्वारा अस्पताल को अंक प्रदान किए जाएंगे, जो भविष्य में एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन की दिशा में नीमच जिला अस्पताल के लिए महत्वपूर्ण होंगे।निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डो आरके खाद्योत, सिविल सर्जन महेंद्र पाटिल,डो  नीरुपमा झा आरएमओ डॉ. मनीष यादव,सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Related Post