ताजासमाचार

श्री किलेश्वर महादेव ‘नीमच के राजा’ की भव्य शाही सवारी 4 अगस्त को

डेस्क न्यूज 23 July, 2025

युवा समाजसेवी अरूल अशोक अरोरा गंगानगर के नेतृत्व में तैयारियां जोर-शोर से शुरू

नीमच। सावन मास के अंतिम सोमवार 4 अगस्त 2025 को प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव की शाही सवारी धूमधाम से निकाली जायेगी। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सावन माह के अंतिम सोमवार को नीमच के राजा श्री किलेश्वर महादेव की शाही सवारी में जन सैलाब उमड़ेगा। श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शाही सवारी की दिव्यता और भव्यता को लेकर युवा समाजसेवी अरूल अशोक अरोरा गंगानगर के नेतृत्व में तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।

आकर्षक झांकियां और आतिशबाजी

इस वर्ष विशेष रूप से शाही सवारी में भगवान भोलेनाथ राजसी रथ में विराजित होंगे। झांझ डमरू पार्टी, विशाल नंदी, राधाकृष्ण, बाहुबली हनुमान, अघोरी, नर मुंड के साथ भोलेनाथ, आदिवासी लोक नृत्य, विद्युत चलित झांकियां और भव्य आतिशबाजी शाही सवारी में आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

इस बार शाही सवारी का रूट

श्री किलेश्वर महादेव मंदिर की शाही सवारी मंदिर परिसर से 4 अगस्त को शाम 4.00 बजे शुरू होगी, जो रेलवे स्टेशन, चौकन्ना बालाजी, अग्रसेन वाटिका, तिलक मार्ग, बारादरी होते हुए फव्वारा चौक पहुंचेगी। यहां से कमल चौक, टैगोर मार्ग होते हुए सीआरपीएफ रोड से चलकर वापस श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर पर शाही सवारी का समापन होगा।

नीमच शहर को बेसब्री से इंतजार

नीमच शहर को शाही सवारी का बेसब्री से इंतजार है, आगामी 4 अगस्त को पूरा शहर भोलेनाथ की भक्ति में डूबेगा। युवा समाजसेवी अरूल अरोरा शाही सवारी को सफल बनाने के लिए जुटे हुए हैं और अलग-अलग टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई हैं ।

श्रावण मास में किलेश्वर परिसर में भक्ति और आस्था में रमे भक्तगण   

सावन माह के दौरान श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में नगर महादेव की भक्ति में डूबा हुआ है। दर्शन करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ-साथ मंदिर में प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं । 24 जुलाई गुरूवार को हरियाली अमावस्या के दिन भी भक्तों की भीड उमड़ने की संभावना है । 27 जुलाई रविवार को सहस्त्र धारा अभिषेक व आगामी सोमवार को छप्पन भोग का आयोजन रखा गया है। श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर आकर्षक विद्युत साज सज्जा से जगमगा रहा है। वहीं मंदिर परिसर में स्वर्गीय कश्मीरीलाल जी अरोरा की स्मृति में नवनिर्मित बगीचे में रंग-बिरंगे फव्वारे भक्तों का मन मोह रहे हैं।

Related Post