ताजासमाचार

केंद्रीयकृत किचन के विरोध में सड़क पर महिलाएं - रसोइयों ने की हड़ताल सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 15 July, 2025 राजनीति

नीमच| मंगलवार को प्रांतीय महिला स्वयं सहायता समूह महासंघ के आह्वान पर जिले की सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। रैली निकालकर नारेबाजी की गई और प्रदेश में नगर निगमों द्वारा प्रस्तावित मैकेनाइज्ड केंद्रीयकृत किचन योजना का विरोध किया गया।महिलाओं ने ज्ञापन में बताया कि यह योजना लागू होने से हजारों रसोईया बहनें बेरोजगार हो जाएंगी। वर्तमान में समूहों द्वारा स्कूलों में मिड-डे मील योजना के तहत भोजन तैयार किया जाता है, लेकिन केंद्र सरकार से पूरी राशि नहीं मिल पाने, भुगतान में देरी और दो वर्षों से जून माह का मानदेय नहीं मिलने जैसी समस्याओं से वे जूझ रही हैं। उन्होंने मांग की है कि रसोईयों का मानदेय लाडली बहनों की तर्ज पर समय पर मिले, 10 लाख का बीमा और ड्रेस कोड लागू हो।महिलाओं ने ठेका प्रथा पर रोक, अनुबंध निरस्तीकरण की प्रक्रिया बंद करने तथा समूहों को स्थायित्व देने की मांग की। विशेष भोजन की दरें अलग निर्धारित कर सहायक रसोईया की नियुक्ति की बात भी कही गई। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगे नहीं मानी गईं तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष माया बैरागी, जिला अध्यक्ष माया पाटीदार, प्रियंका गोस्वामी, भरत प्रजापति, सोना देवी, सीमा बाई सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Post