डेस्क न्यूज़
12 July, 2025
अन्य
मंदसौर के साबाखेड़ा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक पशु बाड़े के पास अचानक जमीन से कोबरा प्रजाति के छोटे-छोटे साँप निकलने लगे। यह चौंकाने वाली घटना साबाखेड़ा निवासी गोपाल दायमा के कुएं के पास हुई, जहां पशुओं का बाड़ा बना हुआ है।
स्थानीय निवासी गोपाल के अनुसार, बाड़े के पास की लूज और खोखली जमीन से सांप के बच्चे निकलते देख परिवार और आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही क्षेत्र के प्रसिद्ध साँप प्रेमी और रेस्क्यू विशेषज्ञ दुर्गेश पाटीदार, निवासी साबाखेड़ा, तुरंत मौके पर पहुंचे।
दुर्गेश पाटीदार ने सूझबूझ और अनुभव के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 60 कोबरा सांपों को सुरक्षित पकड़ा। सभी सांपों को सावधानीपूर्वक डब्बे में बंद कर पास के सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
इस सफल रेस्क्यू अभियान के लिए ग्रामीणों ने साँप प्रेमी दुर्गेश पाटीदार का आभार व्यक्त किया और प्रशासन से ऐसे जानवरों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता फैलाने की मांग की।