न्यूज डेस्क
01 July, 2025
नीमच। जावद तहसील ग्राम मड़ावदा की विधवा महिला ने अपने ही सरपंच के खिलाफ सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने और कुंआ निर्माण करने की शिकायत जनसुनवाई में की। यह महिला जमीन पर लौटते हुए और रेंगते हुए एडीएम लक्ष्मी गामड़ के सामने हाजिर हुई और सरपंच के खिलाफ अपनी पीड़ा सुनाई। महिला ने न सिर्फ सरपंच पर बल्कि पटवारी पर भी सरपंच को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। पीड़िता नानीबाई ने मिडिया को जानकारी देते हुए बताया की वह विधवा है और अपने पुत्र राहुल के साथ गांव मे निवास करती है; ग्राम मड़ावदा के सरपंच लालाराम रावत पिता बगदीराम रावत ने सर्वे क्रमांक 362/2 जो की सरकारी भूमि है। उसपर अवैध कब्जा कर मकान और कुंए का निर्माण कर लिया है। इसके साथ ही सर्वे क्रमांक 414/4 जो की सरकारी चरनोई की जमीन है उसपर भी अवैध खेती लगातार की जा रही है। नानीबाई ने कहा की लगातार सरकारी भूमि पर गांव में सरपंच कब्जा कर रहा है और स्थानीय पटवारी उसे संरक्षण दे रहा है। इससे पहले की शिकायते की गई लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नही हुई है। हमारी मांग है कि अवैध सारे निर्माणों को ध्वस्त कर जमीन कब्जामुक्त की जाए।
पूर्व में कई शिकायतें नही होती कार्यवाही -
आवेदक नानीबाई ने कहा की सरपंच को राजनीतिक और स्थानीय पटवारी को संरक्षण प्राप्त है। इसके पूर्व भी शिकायत तहसील कार्यालय में और सीएम हेल्पलाईन पर कर चुकी हूं कार्यवाही नही होती है। इसलिए यह मार्मिक कदम उठाना पड़ा है।
अब एडीएम ने तत्काल दिए जांच के आदेश -
इस मामले में एडीएम लक्ष्मी गामड़ ने कहा की नानीबाई की शिकायत प्राप्त हुई है। एसडीएम को जांच सौंपकर तहसीलदार को मौका मुआयना कर रिपोर्ट पेश करने के आदेष दिए है। जांच में जो भी दोषी पाया जाता है। सख्त कार्यवाही की जाएगी।