ताजासमाचार

2 जुलाई को एमपी बीजेपी को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, हेमंत खंडेलवाल और दुर्गादास उईके रेस में आगे

न्यूज डेस्क 30 June, 2025 राजनीति

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी को 2 जुलाई को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। मौजूदा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा का कार्यकाल पूरा होने के बाद पार्टी नए नेतृत्व की ओर बढ़ रही है। इसको लेकर नामांकन प्रक्रिया 1 जुलाई को आयोजित होगी, और अगले दिन पार्टी की कार्यसमिति बैठक में नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगने की संभावना है।

बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने चुनावी प्रक्रिया की निगरानी के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को प्रदेश प्रभारी बनाया है, जो भोपाल पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

इन नामों की चर्चा तेज

प्रदेश अध्यक्ष की रेस में बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके प्रमुख दावेदार हैं। खंडेलवाल को मुख्यमंत्री मोहन यादव और आरएसएस का समर्थन मिलने की बात सामने आ रही है, जबकि उईके को आदिवासी समुदाय का मजबूत चेहरा माना जा रहा है।

जातिगत समीकरणों का संतुलन

पार्टी जातीय और क्षेत्रीय समीकरण को देखते हुए विभिन्न वर्गों से दावेदारों पर विचार कर रही है:

  • ब्राह्मण: डॉ. नरोत्तम मिश्रा, राजेन्द्र शुक्ल, रामेश्वर शर्मा

  • वैश्य: हेमंत खंडेलवाल, सुधीर गुप्ता

  • क्षत्रिय: अरविंद भदौरिया, बृजेन्द्र प्रताप सिंह

  • एससी: प्रदीप लारिया, लाल सिंह आर्य, हरिशंकर खटीक

  • एसटी: गजेन्द्र सिंह पटेल, दुर्गादास उईके, फग्गन सिंह कुलस्ते, सुमेर सिंह सोलंकी

महिला या आदिवासी नेतृत्व पर भी विचार

सूत्रों के अनुसार, पार्टी 47 आरक्षित आदिवासी सीटों को देखते हुए एसटी वर्ग से अध्यक्ष बना सकती है। साथ ही 2028 में लागू होने वाले महिला आरक्षण को देखते हुए महिला नेतृत्व पर भी मंथन जारी है।

2 जुलाई को होने वाली कार्यसमिति बैठक में नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी, जो आगामी चुनावों में संगठन को नई दिशा देगा।

Related Post