ताजासमाचार

सड़क ठेकेदार द्वारा किसानो के खेत में नाला बना कर बहाया जा रहा पानी, कलेक्टर से की शिकायत

डेस्क न्यूज 24 June, 2025 अन्य

जावद। ग्राम मैघपुरा (पटवार हल्का गुजरखेड़ी साखला) में स्थित कृषि भूमि पर PWD विभाग के ठेकेदार द्वारा कथित रूप से अवैध रूप से नाला निर्माण कर पानी निकासी की जा रही है, जिससे क्षेत्रीय किसानों की जमीन पर खतरा मंडरा रहा है। किसान चांदमल पाटीदार, कमलेश पाटीदार व किसानों ने जनसुनवाई में जिला कलेक्टर को इस आशय का आवेदन सौंपकर बताया कि उनकी कृषि भूमि खसरा नंबर 166 है, जो विभिन्न हिस्सेदारों के नाम दर्ज है।

इस भूमि के समीप खसरा नंबर 73 आम रास्ता है। दोनों खसरों के बीच कोई प्राकृतिक नाला नहीं है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि PWD विभाग द्वारा बनाए जा रहे मार्ग निर्माण कार्य में ठेकेदार दिलखुश पाटीदार द्वारा एकतरफा नाला बनाकर सड़क के एक हिस्से का सारा पानी जबरन उनके खेत में निकाला जा रहा है। इससे भूमि की उर्वरता व फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों ने मांग की है कि ठेकेदार को निर्देशित किया जाए कि सड़क के दोनों ओर की भूमि से पानी की निकासी अलग-अलग नालियों के माध्यम से की जाए, ताकि किसी एक की भूमि पर जलभराव न हो। प्रार्थियों में चांदमल, रमेश, गुड्डीबाई, कंचनबाई और कमलेश पाटीदार शामिल थे जिनके द्वरा जिला प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा की गई है।

Related Post