डेस्क न्यूज
24 June, 2025
अन्य
नीमच। नगर पालिका के वाहन चालकों को साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जा रहा है। सेन्टर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) की जिला शाखा नीमच द्वारा आज जनसुनवाई के दौरान इसी बाबद एक ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका नीमच की वाहन शाखा में कार्यरत 26 वाहन चालकों को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की गई है। सीटू प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि वाहन चालकों से बीते कई वर्षों से सेवाये ली जा रही है, लेकिन उन्हें सप्ताह में एक दिन का भी अवकाश नहीं दिया जाता, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है। सीटू के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शेलेन्द्र ठाकुर ने बताया की इससे चालकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया है कि इस संबंध में पूर्व में कई बार नगर पालिका को आवेदन दिया जा चुका है, साथ ही 5 जून 2025 को श्रम अधिकारी के समक्ष भी शिकायत प्रस्तुत की गई थी। श्रम अधिकारी द्वारा 16 जून को नगर पालिका को पत्र भी भेजा गया था, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सीटू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका को निर्देशित किया जाए कि चालकों को नियमित साप्ताहिक अवकाश दिया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।