डेस्क न्यूज
18 June, 2025
अन्य
नीमच। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित एक ग्रामीण ने सरपंच पर रिश्वत मांगने और निर्माण कार्य रुकवाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला जिले की जावद तहसील के ग्राम बराड़ा का है, जहां निवासी लवकुश बैरागी ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायती आवेदन प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थी लवकुश ने बताया कि उन्हें पीएम आवास योजना के तहत मंजूरी प्राप्त हुई थी, जिसके तहत उन्होंने अपने पिता भरतदास बैरागी के नाम दर्ज खसरा क्रमांक 182 की भूमि पर आवास निर्माण प्रारंभ किया था। योजना के अंतर्गत उन्हें दो किस्तों में 25,000 और 40,000 की राशि प्राप्त हो चुकी है।आरोप है कि ग्राम पंचायत बराड़ा के सरपंच यशवंत सिंह और उनके पुत्र रघुवर सिंह ने उनसे 25,000 की रिश्वत की मांग की। जब उन्होंने यह राशि देने से इनकार किया, तो सरपंच पक्ष ने उनका निर्माण कार्य रुकवा दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। लवकुश ने इस पूरी घटना को लेकर कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा सरपंच एवं उनके बेटे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि गरीबों को मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भय या भ्रष्टाचार के मिल सके। फिलहाल कलेक्टर कार्यालय ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।