ताजासमाचार

नीमच जिला चिकित्सालय के सुरक्षाकर्मी 5 माह से वेतन से वंचित, अब कलेक्टर से लगाई गुहार

डेस्क न्यूज 18 June, 2025 अन्य

नीमच। जिला अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड्स बीते पांच माह से वेतन न मिलने के कारण गहरी आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। मंगलवार को एक बार फिर सुरक्षाकर्मी कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचे और अपनी व्यथा सुनाते हुए लिखित आवेदन सौंपा।

सुरक्षा गार्ड्स ने बताया कि जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सुरभि सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के पास है, जिसे सेड मेप के तहत टेंडर मिला है। लेकिन कंपनी द्वारा बीते पांच माह से किसी भी सुरक्षाकर्मी को वेतन नहीं दिया गया है। 8000 रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहे गार्ड्स का कहना है कि इतने कम वेतन में भी जब लगातार भुगतान नहीं हो रहा है, तो उनके लिए जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। गार्ड्स ने बताया कि वे निरंतर ड्यूटी पर तैनात रहते हुए अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखे हुए हैं, बावजूद इसके उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन और पूर्व में जनसुनवाई में भी शिकायत दर्ज करवाई थी, परंतु अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

सुरक्षाकर्मियों ने मानवीय आधार पर रोगी कल्याण समिति से वेतन भुगतान करवाने की मांग की है। साथ ही यह भी चेताया है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला, कार्य करना व जीवन यापन असंभव हो जाएगा।

Related Post