ताजासमाचार

धर्मशाला की जमीन पर विवाद, पाटीदार समाज ने कलेक्टर से लगाई निर्माण रोकने की गुहार

डेस्क न्यूज़ 14 July, 2026 अन्य

नीमच। मनासा तहसील के ग्राम चुकनी में पाटीदार समाज की धर्मशाला के लिए खरीदी गई भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को धर्मशाला निर्माण समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की मांग की।

धर्मशाला निर्माण समिति के अध्यक्ष परसराम पाटीदार, सचिव विनोद पाटीदार और कोषाध्यक्ष रोशन पाटीदार के नेतृत्व में पहुंचे समाजजनों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा समाज की भूमि पर बिना सहमति निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे समाज में विवाद की स्थिति बन रही है।

समाजजनों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम चुकनी स्थित सर्वे नंबर 1132 की भूमि वर्ष 2016 में पाटीदार समाज के सहयोग से धर्मशाला निर्माण के उद्देश्य से खरीदी गई थी। भूमि की रजिस्ट्री तत्कालीन अध्यक्ष के नाम पर कराई गई थी, लेकिन समाज का कहना है कि यह संपत्ति किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक संपत्ति है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि समाज की सहमति के बिना भूमि पर निर्माण कार्य शुरू करना उचित नहीं है। समाजजनों ने यह भी बताया कि मामले को लेकर पूर्व में पुलिस थाने में शिकायत की गई थी और समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

समाज के लोगों ने धर्मशाला निर्माण के नाम पर वर्षों से एकत्रित किए जा रहे चंदे का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि अब तक न तो धर्मशाला का निर्माण हो सका और न ही भूमि का उपयोग समाजहित में हो पाया है।

समाजजनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो विवाद और बढ़ सकता है।

Related Post