ताजासमाचार

आजादी के दशकों बाद भी सड़क को तरस रहा पीपलदा पठार, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

डेस्क न्यूज़ 14 July, 2026 अन्य

नीमच। सड़क नहीं तो विकास कैसा? इसी सवाल के साथ मनासा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पीपलदा पठार के ग्रामीण मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य आर. सागर कछावा भी ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आजादी के वर्षों बाद भी गांव तक पक्की सड़क नहीं पहुंच पाई है। बारिश के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं तथा गांव का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता है। ऐसे में बीमार लोगों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जिला पंचायत सदस्य आर. सागर कछावा ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने गांव के शासकीय स्कूल भवन की जर्जर स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बच्चे जोखिम के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं होने पर उन्हें कलेक्टर कार्यालय पहुंचना पड़ा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीपलदा पठार तक जल्द पक्की सड़क निर्माण, जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत या नए भवन निर्माण सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने को मजबूर होंगे।

Related Post