ताजासमाचार

बालिका छात्रावास में छात्रों का ठिकाना, बेटियां तलाश रहीं अपना हक... न्याय की आस में कलेक्टर पहुंचीं छात्राएं

डेस्क न्यूज़ 14 July, 2026 अन्य

नीमच। बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियानों के बीच नीमच से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शासकीय स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज की छात्राओं ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया कि बालिकाओं के लिए बने छात्रावास में छात्रों को रखा जा रहा है, जबकि बेटियां छात्रावास में प्रवेश के लिए भटक रही हैं।

छात्राओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि बालिका छात्रावास को तत्काल खाली कराया जाए और पात्र छात्राओं को उसमें प्रवेश दिया जाए। छात्राओं का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली बेटियों के लिए सुरक्षित आवास की सुविधा बेहद जरूरी है, लेकिन सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

छात्राओं ने बताया कि वे करीब 120 किलोमीटर दूर स्थित गांवों से प्रतिदिन नीमच कॉलेज पढ़ाई के लिए आती हैं। रोजाना लंबी दूरी तय करने में कई घंटे खर्च हो जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। यात्रा के दौरान आर्थिक परेशानी के साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

छात्राओं का कहना है कि कॉलेज परिसर में बालिका छात्रावास की सुविधा मौजूद है, लेकिन उसमें प्रवेश नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में रोजाना सफर करना पड़ रहा है। वहीं, उनका आरोप है कि जिस छात्रावास का लाभ बेटियों को मिलना चाहिए, वहां छात्रों को रखा जा रहा है।

उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर छात्रावास व्यवस्था को दुरुस्त करने और उन्हें जल्द प्रवेश दिलाने की मांग की।

अब सवाल यह है कि जब बेटियों के लिए बनाए गए छात्रावास में ही उन्हें जगह नहीं मिलेगी, तो दूर-दराज से आने वाली छात्राएं अपनी पढ़ाई और सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेंगी? प्रशासन की कार्रवाई पर छात्राओं और उनके अभिभावकों की नजरें टिकी हैं।

Related Post