ताजासमाचार

खाली कट्टे, हाथों में चूड़ियां और कलेक्ट्रेट पर धरना... डीएपी की किल्लत पर किसानों का अनोखा विरोध

डेस्क न्यूज़ 14 July, 2026 अन्य

नीमच।  जिले की सिंगोली तहसील के  किसानों ने मंगलवार को कांग्रेस नेता के नेतृत्व में डीएपी खाद की समस्या को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पर अनोखे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। किसान नेता पंकज तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने हाथों में चूड़ियां, खाली खाद के कट्टे और मांगों से लिखी तख्तियां लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन के दौरान किसान 4 से 5 घंटे कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे और सिंगोली कृषि उपमंडी में तत्काल मार्कफेड का नगद खाद वितरण केंद्र शुरू करने की मांग उठाई।प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के चलते सिंगोली क्षेत्र के किसानों को डीएपी खाद लेने के लिए करीब 80 किलोमीटर दूर जावद जाना पड़ता है। पहले ई-टोकन प्राप्त करना और फिर नगद भुगतान कर खाद लेना महिला किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया में पूरा दिन खर्च हो जाता है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित होता है और आने-जाने में अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है।किसानों ने विशेष रूप से महिला किसानों, छोटे एवं सीमांत कृषकों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इतनी लंबी दूरी तय करना उनके लिए बेहद कठिन है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सिंगोली कृषि उपमंडी अथवा स्थानीय पैक्स समिति में तत्काल मार्कफेड का नगद डीएपी एवं अन्य उर्वरकों का वितरण केंद्र शुरू किया जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।प्रदर्शन के दौरान किसानों ने हाथों में पहनी चूड़ियों और खाली खाद के कट्टों को अपनी मजबूरी और प्रशासन की उदासीनता का प्रतीक बताया। उनका कहना था कि प्रदेश के अन्य जिलों में मार्कफेड द्वारा स्थानीय स्तर पर नगद खाद वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि सिंगोली क्षेत्र के किसानों को इससे वंचित रखा गया है।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Post