ताजासमाचार

मनासा में 16 जुलाई को निकलेगी द्वितीय श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, भक्तिमय होगा नगर

डेस्क न्यूज़ 14 July, 2026 अन्य

मनासा। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) द्वारा गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को द्वितीय श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक यात्रा दोपहर 1:30 बजे बद्रीविशाल मंदिर, गांधी चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी। आयोजन को लेकर इस्कॉन के भक्तों एवं श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजकों के अनुसार रथ यात्रा बद्रीविशाल मंदिर, गांधी चौक से प्रारंभ होकर सदर बाजार, अल्हेड़ दरवाजा, विजय स्तंभ, शासकीय अस्पताल रोड होते हुए कारगिल चौराहा स्थित अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।

रथ यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी सुसज्जित रथ में विराजमान रहेंगे। यात्रा के दौरान हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और भगवान के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। इस्कॉन द्वारा सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है।

इस्कॉन की यह धार्मिक यात्रा जिले के अन्य क्षेत्रों में भी निकाली जाएगी। इसके तहत 21 जुलाई (मंगलवार) को जीरन, 22 जुलाई (बुधवार) को जावद तथा 24 जुलाई (शुक्रवार) को नीमच में भी भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन होगा।

आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से रथ यात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।

Related Post