ताजासमाचार

नीमच में जंगली सूअर का हमला, गांव में दहशत... 7 लोग घायल 

डेस्क न्यूज़ 10 July, 2026 अन्य

नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया महाराज चौकी अंतर्गत बांगरेड़ गांव में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक जंगली सूअर के गांव में घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, तभी जंगली सूअर ने अचानक ग्रामीणों पर हमला बोल दिया। इस हमले में सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पांच घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भेजा गया, जबकि दो घायलों को शासकीय अस्पताल मनासा में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में कमलाबाई, प्रेमबाई, रामनाथ, प्रेमचंद टेलर और भागीरथ धनगर शामिल हैं। सभी का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जंगली सूअर काफी देर तक गांव की गलियों में दौड़ता रहा और सामने आने वाले लोगों पर हमला करता रहा, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने किसी तरह खुद को बचाया और वन विभाग को सूचना दी।

 ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए त्वरित रेस्क्यू टीम की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Post