डेस्क न्यूज
10 June, 2025
अन्य
नीमच। नगरपालिका परिषद नीमच के वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद दुर्गाशंकर भील ने जिला कलेक्टर को एक लिखित शिकायत सौंपते हुए नगरपालिका के लोक निर्माण शाखा में पदस्थ लिपिक अब्दुल नईम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में पार्षद ने आरोप लगाया है कि लिपिक अब्दुल नईम द्वारा उनके साथ न सिर्फ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है, बल्कि कार्य में भी जानबूझकर अड़चनें डाली जा रही हैं। पार्षद दुर्गाशंकर ने बताया कि जब भी वह अब्दुल नईम को फोन करते हैं तो वे फोन नहीं उठाते। साथ ही लोक निर्माण शाखा में वे कभी उपस्थित नहीं मिलते, जिससे वार्ड में कोई भी विकास कार्य समय पर नहीं हो पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लिपिक नईम अपने मूल पद "पम्प क्लीनर" को छोड़कर निर्माण कार्यों की साईट पर घूमते रहते हैं और इंजीनियर की तरह निरीक्षण करते हैं, जिससे अन्य जरूरी कार्य लंबित पड़े हैं।
शिकायत में पार्षद ने कहा है कि उनके साथ जातिगत भेदभाव किया जा रहा है तथा कई बार उन्हें अपशब्द कहे जाते हैं, जिससे उन्हें बार-बार अपने आदिवासी होने का एहसास कराया जाता है। पार्षद ने मांग की है कि अब्दुल नईम को या तो लोक निर्माण शाखा में ही नियमित उपस्थिति के निर्देश दिए जाए जाएँ या फिर उन्हें उनके मूल पद "पम्प क्लीनर" पर वापस भेजा जाए।
दुर्गाशंकर भील ने कहा कि उन्होंने यह शिकायत एक अंतिम आस के साथ कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की है और आशा करते हैं कि उन्हें न्याय मिलेगा। इस निवेदन की एक प्रति मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी भेजी गई है।