डेस्क न्यूज़
05 July, 2026
अन्य
नीमच। उपनगर बघाना के वार्ड क्रमांक 39 स्थित बाबा रामदेव मंदिर मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। ड्रेनेज लाइन डालने के लिए सड़क खोदने के बाद अब तक उसकी मरम्मत नहीं किए जाने से यह मार्ग राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत का सबब बन चुका है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण प्रतिदिन बाइक सवार संतुलन खोकर गिर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए हादसों के लाइव वीडियो
इस बदहाल सड़क की हकीकत बयां करते हुए दो सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:
दोपहर का वाकया: पहले वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोपहर के समय एक बाइक सवार और पीछे बैठी महिला जैसे ही इस उबड़-खाबड़ और धंसे हुए रास्ते से गुजरने का प्रयास करते हैं , उनकी बाइक असंतुलित हो जाती है और वह सड़क पर गिर पड़ता है। आस-पास के लोग तुरंत दौड़कर उसे और उसकी गाड़ी को संभालते हैं।
रात का हादसा: स्थिति रात के समय और भी ज्यादा जानलेवा हो जाती है। दूसरे वीडियो में दिख रहा है कि अंधेरे और खराब रास्ते के कारण एक अन्य दोपहिया वाहन चालक सवार दम्पति उसी स्पॉट से गुजरा रहे हैं. उनकी बाईक भी अनियंत्रित होकर पूरी तरह पलट जाती है। गनीमत रही कि स्थानीय रहवासियों ने मौके पर पहुंचकर उसे तुरंत उठाया।
जिम्मेदारों की लापरवाही से भड़के वार्डवासी
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार क्षेत्रीय पार्षद तथा नगरपालिका के संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक सड़क की सुध लेने कोई नहीं आया। अधिकारियों की इसी लापरवाही का खामियाजा आम नागरिकों को चोटिल होकर भुगतना पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि जनहित को देखते हुए बाबा रामदेव मंदिर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आए दिन हो रहे इन हादसों पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।