डेस्क न्यूज़
05 July, 2026
अन्य
नीमच। डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन, नीमच के तत्वावधान में रविवार को टाउन हॉल में राष्ट्रीय स्तर की ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शतरंज की पहली चाल चलकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में नीमच सहित मध्यप्रदेश एवं देश के विभिन्न राज्यों से कुल 186 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का सबसे खास आकर्षण 4 वर्षीय सानवी गर्ग (नीमच) और 85 वर्षीय आर.के. गुप्ता (झांसी) रहे। दोनों खिलाड़ियों ने कलेक्टर के साथ शतरंज की चाल चलकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य शतरंज जैसे बौद्धिक खेल को बढ़ावा देना, युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना है। प्रतियोगिता में कुल 8 राउंड खेले जाएंगे, जिनके आधार पर विजेता खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन ने शहर के शतरंज प्रेमियों से पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। प्रतियोगिता का समापन शाम 6 बजे होगा, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय रतन गर्ग, उपाध्यक्ष नितिन साहू एवं आशीष भंडारी, सचिव संतोष कोटवानी, सह सचिव अरुण विश्वा एवं भावेश सिंघल, कोषाध्यक्ष गिरराज विश्नोई तथा कार्यकारिणी सदस्य दिनेश श्रीवास्तव, त्रिलोक लोधा, जगदीश बागड़ी, मनीष कुमावत सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।