डेस्क न्यूज़
05 July, 2026
अन्य
नीमच। जिले में मानसून की शुरुआत के बाद अब तक औसत 201.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस बार बारिश की रफ्तार धीमी बनी हुई है। गत वर्ष 5 जुलाई तक जिले में औसतन 314.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी, जबकि इस वर्ष अब तक करीब 113.4 मिमी कम बारिश हुई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से 5 जुलाई 2026 की सुबह 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का आंकड़ा अलग-अलग रहा। सिंगोली तहसील में सबसे अधिक 226.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि नीमच में 224.0 मिमी, जावद में 202.0 मिमी और मनासा में सबसे कम 153.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है।
वहीं, पिछले वर्ष इसी अवधि में सिंगोली में 435.8 मिमी, जावद में 330.0 मिमी, नीमच में 293.6 मिमी तथा मनासा में 200.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। इससे स्पष्ट है कि इस वर्ष जिले की सभी तहसीलों में बारिश का आंकड़ा पिछले साल की तुलना में कम है।
बीते 24 घंटों की बात करें तो 5 जुलाई की सुबह 8 बजे तक जिले में औसतन केवल 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 2.0 मिमी वर्षा हुई, जबकि जावद, मनासा और सिंगोली तहसीलों में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
बारिश की धीमी रफ्तार को देखते हुए किसानों की निगाहें अब मानसून की आगामी सक्रियता पर टिकी हुई हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर खरीफ फसलों को पर्याप्त लाभ मिल सकता है।